The Bhagavad Gita Chapter 18

 

 

Previous          Menu          Next

 

मोक्षसंन्यासयोग-  अठारहवाँ अध्याय

त्याग का विषय

The Bhagavad Gita Chapter 18श्री भगवानुवाच

काम्यानां कर्मणां न्यासं संन्यासं कवयो विदुः।

सर्वकर्मफलत्यागं प्राहुस्त्यागं विचक्षणाः।।18.2।।

 

श्री भगवान् उवाच-परम भगवान ने कहा; काम्यानाम्-कामना युक्त; कर्मणाम् – कर्मो का; न्यासम्-त्याग करना; संन्यासम्-संन्यासः कवयः-विद्वान जन; विदुः-जानना; सर्व-सब; कर्म-कर्म; फल-कर्मों के फल; त्यागम् – कर्मफलों के भोग की इच्छा का त्यागः प्राहुः-कहते हैं; त्यागम्-कर्म फलों के भोग की इच्छा का त्याग; विचक्षणा:-बुद्धिमान।

 

श्रीभगवान् बोले – कई विद्वान् और पंडित जन कामना युक्त कर्मों के त्याग को संन्यास कहते हैं और कई विद्वान् समस्त कर्मों के फल के त्याग को अथवा कर्मफलों के भोग की इच्छा के त्याग को त्याग कहते हैं।।18.2।।

(जो भी कर्म किसी कामना , अभिलाषा , आकांक्षा , इच्छा से अथवा उस कर्म का निश्चित फल मिलने की अभिलाषा मन में रखते हुए या कर्म के बदले फल मिलने के उद्देश्य से ही संपन्न किये जाते हैं उन्हें कामना युक्त कर्म कहते हैं । )

 

दार्शनिक विद्वानों के चार मत हैं – 1. काम्यानां कर्मणां न्यासं संन्यासं कवयो विदुः – कई विद्वान कहते हैं कि काम्यकर्मों के त्याग का नाम संन्यास है अर्थात् इष्ट की प्राप्ति और अनिष्ट की निवृत्ति के लिये जो कर्म किये जाते हैं उनका त्याग करने का नाम संन्यास है। 2. सर्वकर्मफलत्यागं प्राहुस्त्यागं विचक्षणाः – कई विद्वान कहते हैं कि सम्पूर्ण कर्मों के फल की इच्छा का त्याग करने का नाम त्याग है अर्थात् फल न चाहकर कर्तव्यकर्मों को करते रहने का नाम त्याग है। 3. त्याज्यं दोष (टिप्पणी प0 870.1) वदित्येके कर्म प्राहुर्मनीषिणः — कई विद्वान कहते हैं कि सम्पूर्ण कर्मों को दोष की तरह छोड़ देना चाहिये। 4. यज्ञदानतपःकर्म न त्याज्यमिति चापरे – अन्य विद्वान कहते हैं कि दूसरे सब कर्मों का भले ही त्याग कर दें पर यज्ञ , दान और तपरूप कर्मों का त्याग नहीं करना चाहिये। उपर्युक्त चारों मतों में दो विभाग दिखायी देते हैं – पहला और तीसरा मत संन्यास (सांख्ययोग) का है तथा दूसरा और चौथा मत त्याग (कर्मयोग) का है। इन दो विभागों में भी थोड़ा-थोड़ा अन्तर है। पहले मत में केवल काम्यकर्मों का त्याग है और तीसरे मत में कर्ममात्र का त्याग है। ऐसे ही दूसरे मत में कर्मों के फल का त्याग है और चौथे मत में यज्ञ , दान और तपरूप कर्मों के त्याग का निषेध है। दार्शनिकों के उपर्युक्त चार मतों में क्या-क्या कमियाँ हैं और उनकी अपेक्षा भगवान के मत में क्या-क्या विलक्षणताएँ हैं? इसका विवेचन इस प्रकार है – 1. काम्यानां कर्मणां न्यासं संन्यासम् – संन्यास के इस पहले मत में केवल काम्यकर्मों का त्याग बताया गया है परन्तु इसके अलावा भी नित्य , नैमित्तिक आदि आवश्यक कर्तव्यकर्म बाकी रह जाते हैं (टिप्पणी प0 870.2)। अतः यह मत पूर्ण नहीं है क्योंकि इसमें न तो कर्तृत्व का त्याग बताया है और न स्वरूप में स्थिति ही बतायी है परन्तु भगवान के मत में कर्मों में कर्तृत्वाभिमान नहीं रहता और स्वरूप में स्थिति हो जाती है जैसे – इसी अध्याय के सत्रहवें श्लोक में जिसमें अहंकृतभाव नहीं है और जिसकी बुद्धि कर्मफल में लिप्त नहीं होती – ऐसा कहकर कर्तृत्वाभिमान का त्याग बताया है और अगर वह सम्पूर्ण प्राणियों को मार दे तो भी न मारता है , न बँधता है – ऐसा कहकर स्वरूप में स्थिति बतायी है। 2. त्याज्यं दोषवदित्येके – संन्यास के इस दूसरे मत में सब कर्मों को दोष की तरह छोड़ने की बात है परन्तु सम्पूर्ण कर्मों का त्याग कोई कर ही नहीं सकता (गीता 3। 5) और कर्ममात्र का त्याग करने से जीवननिर्वाह भी नहीं हो सकता (गीता 3। 8)। इसलिये भगवान ने नित्य कर्मों का स्वरूप से त्याग करने को राजस-तामस त्याग बताया है (18। 78)।3 सर्वकर्मफलत्यागम् – त्याग के इस पहले मत में केवल फल का त्याग बताया है। यहाँ फलत्याग के अन्तर्गत केवल कामना के त्याग की ही बात आयी है (टिप्पणी प0 871.1)। ममता-आसक्ति के त्याग की बात इसके अन्तर्गत नहीं ले सकते क्योंकि ऐसा लेने पर दार्शनिकों और भगवान के मतों में कोई अन्तर नहीं रहेगा। भगवान के मत में कर्म की आसक्ति और फल की आसक्ति – दोनों के ही त्याग की बात आयी है – सङ्गं त्यक्त्वा फलानि च (गीता 18। 6)।4 – यज्ञदानतपःकर्म न त्याज्यम् – त्याग अर्थात् कर्मयोग के इस दूसरे मत में यज्ञ , दान और तपरूप कर्मों का त्याग न करने की बात है परन्तु इन तीनों के अलावा वर्ण , आश्रम , परिस्थिति आदि को लेकर जितने कर्म आते हैं उनको करने अथवा न करने के विषय में कुछ नहीं कहा गया है – यह इसमें अधूरापन है। भगवान के मत में इन कर्मों का केवल त्याग ही नहीं करना चाहिये प्रत्युत इनको न करते हों तो जरूर करना चाहिये और इनके अतिरिक्त तीर्थ , व्रत आदि कर्मों को भी फल एवं आसक्ति का त्याग करके करना चाहिये (18। 56)। पीछे के दो श्लोकों में दार्शनिक विद्वानों के चार मत बताने के बाद अब भगवान आगे के तीन श्लोकों में पहले त्याग के विषय में अपना मत बताते हैं।

 

      Next

 

 

By spiritual talks

Welcome to the spiritual platform to find your true self, to recognize your soul purpose, to discover your life path, to acquire your inner wisdom, to obtain your mental tranquility.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!